Tuesday, October 20th, 2026

हत्या के बाद पुल के पास फेंका शव

कहरा (सहरसा)।  
सुपौल जिले के युवक की हत्या कर बदमाशों ने लाश को सहरसा-सुपौल मुख्य मार्ग पर बनगांव के चिना पुल के पास फेंक दिया। मृतक वीरेंद्र मंडल (27)  राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव का रहने वाला था। सोमवार सुबह में पुलिस ने शव के पास से आधार कार्ड और 10 जनवरी का कानपुर से सहरसा स्टेशन का रेलवे टिकट बरामद किया है।

मृतक के दादा रामनारायण मण्डल ने बताया कि मृतक यूपी के कानपुर में प्लाई मिल में नौकरी करता था। रविवार की रात वह वैशाली स्पेशल एक्सप्रेस से सहरसा आया था। सहरसा के हटियागाछी में रहकर पढ़ाई कर रहे संतोष कुमार को फोन पर बताया था कि मुझे एक वाहन मिल गया है। उस पर दो महिलाएं और एक पुरुष सवारी पहले से बैठे हैं। वे सभी भी उधर ही जाएंगे और उनके साथ निकल रहे हैं। घटनास्थल पर पहुंचे बनगांव थानाध्यक्ष सरोज कुमार के मुताबिक युवक के सिर पर लोहे के रड या हथियार से प्रहार किए जाने की संभावना है। 

उन्होंने कहा कि लाश जिस जगह पर मिली वहां कम मात्रा में खून के निशान थे। इससे प्रतीत हो रहा था कि बदमाशों ने दूसरी जगह हत्या कर सुरक्षित क्षेत्र जान इसे यहां लाकर फेंक दिया। बनगांव पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। सदर एसडीपीओ संतोष कुमार ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर बनगांव पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान से हत्याकांड का खुलासा कर लिया जाएगा।

 

Source : Agency

पाठको की राय